जमानियां। क्षेत्र के कसेरा पोखरा स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल के पूर्व छात्र (सत्र 2017-18) अनीश मौर्या ने दो प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों में चयनित होकर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है। अनीश का चयन भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर (BARC), मुंबई में साइंटिफिक ऑफिसर ग्रुप ‘ए’ (राजपत्रित अधिकारी) के पद पर हुआ है। इसके साथ ही उनका चयन न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) में एक्जीक्यूटिव पद पर भी हुआ है।
अनीश की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह, निर्देशिका पूजा सिंह तथा प्रधानाचार्य ए.के. बघेल ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने अनीश की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि विद्यालय के छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने कहा कि लगन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने अनीश को बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।