जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार स्थित हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां में सोमवार को शिक्षक संघ का चुनाव सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। निर्वाचन अधिकारी प्रो. अखिलेश कुमार शर्मा ‘शास्त्री’ की देखरेख में महाविद्यालय के शिक्षकों ने नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया।

निर्वाचन अधिकारी प्रो. शास्त्री ने आम सहमति बनने के बाद परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि हिंदी विभाग के सहायक आचार्य श्री बिपिन कुमार शिक्षक संघ के अध्यक्ष तथा भूगोल विभाग के सहायक आचार्य श्री सौरभ कुमार सिंह महामंत्री निर्वाचित हुए हैं। नई कार्यकारिणी में डॉ. राकेश कुमार सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, डॉ. कंचन राय को उपाध्यक्ष, डॉ. उर्वशी दत्ता को महिला उपाध्यक्ष, श्री निलेश कुमार को संयुक्त मंत्री, डॉ. अमित कुमार को कोषाध्यक्ष तथा डॉ. अभिषेक तिवारी को मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्री निवास सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि नई कार्यकारिणी शिक्षक हितों की रक्षा के साथ-साथ महाविद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी। वहीं, निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार एवं महामंत्री डॉ. लालचंद पाल ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं यशस्वी कार्यकाल की कामना की। इस संबंध में महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अभिषेक तिवारी ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।