गाजीपुर। खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश के अंतर्गत संचालित राजकीय फल संरक्षण केंद्र, गाजीपुर द्वारा अनुसूचित जाति के युवा पुरुषों एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 100 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
प्रशिक्षण के दौरान अभ्यर्थियों को अचार, जैम, जेली, मुरब्बा सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण एवं लघु उद्योग स्थापित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उद्योग संचालन का अनुभव प्राप्त कराने के लिए जनपद एवं मंडल स्तर पर स्थापित फैक्ट्रियों का भ्रमण भी कराया जाएगा। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 30 अभ्यर्थियों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर किया जाएगा। प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी का हाईस्कूल उत्तीर्ण होना तथा आयु कम से कम 18 वर्ष होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में राजकीय फल संरक्षण केंद्र, बंशी बाजार (पेट्रोल पंप के पास), गाजीपुर स्थित कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर आवश्यक अभिलेखों के साथ जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ हाईस्कूल की अंकतालिका एवं प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड की छायाप्रति, जाति प्रमाण-पत्र तथा चार पासपोर्ट आकार के फोटो संलग्न करना होगा। आवेदन शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है।