जमानियां। जिलाधिकारी गाजीपुर के आदेश के क्रम में प्रशासनिक फेरबदल के तहत जमानियां तहसील में नवागत उपजिलाधिकारी सुश्री निधि ने बुधवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपजिलाधिकारी सुश्री निधि ने कहा कि तहसील स्तर पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा तथा उसका समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी।उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर तहसील के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवागत उपजिलाधिकारी का स्वागत करते हुए उन्हें नए कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।