गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में विकास खंड रेवतीपुर की ग्राम पंचायत रेवतीपुर में बुधवार को ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
ग्राम चौपाल का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना रहा। इस दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। चौपाल में ग्रामीणों ने विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व संबंधी मामलों, पेंशन और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीकरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा कन्या सुमंगला योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक अभियान चलाकर पहुंचाने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। वहीं आयुष्मान कार्ड बनाने में लापरवाही पाए जाने पर एमओवाईसी रेवतीपुर का वेतन रोकने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सुगमता के साथ उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को गांवों का नियमित भ्रमण कर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान एवं विकास कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय, खंड विकास अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।