जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के महेवा गांव में टेंट का बकाया भुगतान मांगने पर एक दलित टेंट व्यवसायी के साथ कथित रूप से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महेवा गांव निवासी घनश्याम राम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शादी-विवाह समारोह में टेंट लगाने का बकाया भुगतान लेने के लिए उन्होंने मोबाइल पर सुधाकर उर्फ भुक्कू कुशवाहा से संपर्क किया। आरोप है कि सुधाकर ने उन्हें रुपये लेने के बहाने बुलाया। पीड़ित का आरोप है कि वहां पहुंचने पर सुधाकर उर्फ भुक्कू कुशवाहा ने उमेश यादव, अनिल यादव, सत्येंद्र यादव और वीरेंद्र यादव के साथ मिलकर उनके साथ गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मारपीट की। आरोपियों ने लाठी, कड़े और धारदार हथियार से हमला कर उनकी नाक और हाथ में गंभीर चोट पहुंचाई। मारपीट के बाद आरोपी दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।