जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के तियरी गांव में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति द्वारा पिता-पुत्र के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रतन वर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 13 जुलाई 2026 की रात करीब आठ बजे वह अपने पिता विरेन्द्र वर्मा के साथ दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान उनके पुत्र रजत वर्मा और आरोपी कन्हैया लाल वर्मा के पुत्र के बीच खेल-खेल में कहासुनी हो गई। आरोप है कि इस बात से नाराज होकर कन्हैया लाल वर्मा ने पहले बच्चे की पिटाई शुरू कर दी। जब रतन वर्मा और उनके पिता विरेन्द्र वर्मा बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। घटना में रतन वर्मा की बाईं आंख और नाक पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनके पिता की कमर में चोट लगी। पीड़ित के अनुसार, परिवार में एक सदस्य के निधन के कारण क्रिया-कर्म में व्यस्त रहने की वजह से घटना की रिपोर्ट तत्काल दर्ज नहीं कराई जा सकी। शनिवार को उन्होंने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।