जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव में पानी निकासी के पुराने विवाद को लेकर कथित रूप से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहादुरपुर निवासी बबलू कुमार पासवान ने कोतवाली में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि शनिवार सुबह करीब सात बजे गांव के नन्दू पासवान, हरिकेश, रामविलास, हरिचरन, संदीप, आत्मा और परमात्मा पासवान लाठी-डंडों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए परिवार को जान से मारने की धमकी दी, जिससे परिवार के लोग भयभीत हो गए। पीड़ित का कहना है कि आरोपित पूर्व में भी उनके साथ दुर्व्यवहार कर चुके हैं, जिससे परिवार में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।