गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने कथित रूप से दुष्कर्म के फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर धन उगाही करने के मामले में मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपिताओं के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय ने पुलिस टीम के साथ शनिवार को ग्राम करवनिया डेरा सेवराई में कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 131/2026 से संबंधित दो आरोपिताओं को उनके घर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपिताओं की पहचान श्यामा पाण्डेय (45 वर्ष), पत्नी गुलाब पाण्डेय तथा ज्योति पाण्डेय (22 वर्ष), पुत्री गुलाब पाण्डेय, निवासी करवनिया डेरा सेवराई, थाना गहमर के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, दोनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 308(6), 316(2), 352 एवं 61(2) के तहत दर्ज मुकदमे में कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी सेवराई उपनिरीक्षक शिव प्रसाद पाण्डेय, महिला कांस्टेबल अंजू देवी एवं महिला कांस्टेबल सोनम पाण्डेय शामिल रहीं।