जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के सैदाबाद गांव में जमीन की साफ-सफाई को लेकर हुए विवाद में एक महिला और उसके परिजनों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता चैन कुमारी, पत्नी रामू राम, ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह अपनी जमीन की साफ-सफाई कर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के कुछ लोग डंडा, रॉड, चाकू और गड़ासा जैसे हथियार लेकर वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब परिवार के सदस्य योगेन्द्र, राजू और बिरजू बीच-बचाव के लिए पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पांच नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।