गाजीपुर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को जनपद स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का जुलाई माह का मासिक (बाह्य) निरीक्षण किया गया। निरीक्षण जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश कार्यालय से नामित सांख्यिकीय अधिकारी तेज प्रकाश गुप्ता की उपस्थिति में संपन्न हुआ। निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी प्रणाली की कार्यशीलता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जांच की। इसके साथ ही मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, अभिलेखों के संधारण, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश नियंत्रण, डबल लॉक प्रणाली तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण में वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। आवश्यक अभिलेखों और अन्य व्यवस्थाओं का परीक्षण भी संतोषजनक रहा। इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ईवीएम गोदाम परिसर में स्थापित पानी की टंकी की मरम्मत का कार्य समय पर पूरा न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के संबंधित अधिकारियों को विलंब के कारणों की जांच कर जिम्मेदारी तय करने तथा मरम्मत कार्य तत्काल पूरा कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।