जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के डिल्लाचवर गांव में मड़हे से दो गाभिन भैंसों की चोरी का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत चार-पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिल्लाचवर निवासी श्रीमती मन्चर देवी पत्नी शैलेन्द्र राय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 और 24 जुलाई की दरमियानी रात करीब दो बजे अज्ञात चोर मड़हे में बंधी उनकी दो गाभिन भैंसों को पिकअप वाहन पर लादकर फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि 21 जुलाई को लालबिहारी राम उनके मड़हे पर आया था और भैंस खरीदने की बात कही थी। मना करने के बाद भी वह तीन बार वहां आता-जाता देखा गया। आरोप है कि घटना वाली रात वह चार-पांच अन्य लोगों के साथ पिकअप लेकर पहुंचा और दोनों भैंसें चुराकर ले गया। घटनास्थल से पुलिस और ग्रामीणों को एक लावारिस साइकिल भी बरामद हुई। पीड़िता के पति जब साइकिल लेकर पास के धुस्का गांव पहुंचे तो ग्रामीणों ने उसकी पहचान लालबिहारी राम की साइकिल के रूप में की। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि घटना वाली रात वह अपने घर पर मौजूद नहीं था। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी तथा अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।