जमानियां। कोतवाली क्षेत्र में नई बाइक पर ₹25 हजार की छूट और ईएमआई भरने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हेतिमपुर निवासी मनीष कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है कि अजय राय ने उन्हें नई बाइक पर ₹25 हजार की छूट दिलाने का लालच दिया। झांसे में आकर उन्होंने बिंद मोड़, जमानियां पर आरोपी को ₹86 हजार नकद दे दिए। इसके बाद आरोपी उन्हें गाजीपुर स्थित एक एजेंसी ले गया, जहां 20 अप्रैल 2025 को होंडा एसपी-125 बाइक दिलाई गई। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने भरोसा दिलाया था कि पटना स्थित एक संस्था के माध्यम से वाहन की शेष ईएमआई उनके खाते में भेजी जाएगी। शुरुआत में आठ किश्तें खाते में आईं, लेकिन पिछले छह माह से कोई राशि नहीं भेजी गई। इस बीच बैंक के फाइनेंसर ने किश्तें जमा न होने पर बाइक जब्त करने की चेतावनी दी है। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने आरोपी से संपर्क किया तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। इसके बाद उन्होंने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।