जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के सब्बलपुर कलां गांव में शनिवार देर रात घर में सो रहे 26 वर्षीय बाइक मैकेनिक विजय उर्फ भोला बिंद की अज्ञात हमलावरों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम, एसओजी तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की मां निर्मला देवी ने बताया कि विजय चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। करीब चार वर्ष पूर्व नाना लीलाधर राम के निधन के बाद वह अपनी मौसी उषा देवी के साथ सब्बलपुर कलां स्थित ननिहाल में रह रहा था। वह भैदपुर गांव में बाइक मैकेनिक की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। सब्बलपुर में दो मकान हैं, जिनमें एक में उसकी मौसी रहती हैं, जबकि विजय पास ही स्थित दूसरे मकान में अकेले रहता था। वह प्रतिदिन मौसी के घर भोजन करता था।

मौसी उषा देवी के अनुसार शनिवार रात विजय बिना भोजन किए अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह उसके मौसा शिवकरन बिंद जब घर से बाहर निकले तो विजय के कमरे का दरवाजा खुला देखा। अंदर जाकर देखा तो वह खटिया पर खून से लथपथ पड़ा था और उसकी मौत हो चुकी थी। उसके शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान थे तथा गर्दन के बाईं ओर चाकू धंसा हुआ था। परिजनों ने हत्या के पीछे सुनियोजित साजिश की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि घटना से कुछ समय पहले कुछ संदिग्ध लोग घर के बाहर आए थे और मोबाइल फोन से मकान की तस्वीरें लेकर चले गए थे। मृतक की मां ने यह भी आशंका व्यक्त की कि विजय का पड़ोसी गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था और संभव है कि इसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया हो। पुलिस ने इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।क्षेत्राधिकारी अंकित तिवारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा किया गया है।