गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित गाजीपुर भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। मंगलवार को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना मुहम्मदाबाद क्षेत्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विस्तृत ब्रीफिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और पूर्ण सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल एवं वीवीआईपी रूट पर सघन चेकिंग और फ्रिस्किंग कराने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों तथा ड्रोन के माध्यम से कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समन्वय, संवेदनशीलता और मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए निर्देशित किया गया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा सुरक्षा ड्यूटी में तैनात अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।