गाजीपुर। महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम और साइबर अपराधों के प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में साइबर जागरूकता एवं OCWC (Online Crimes Against Women and Children) विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने किया, जिसमें जनपद के सभी थानों से आए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में बताया गया कि OCWC गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) द्वारा संचालित राष्ट्रीय जागरूकता एवं क्षमता-वर्धन कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को डिजिटल माध्यम पर सुरक्षित रखना, ऑनलाइन उत्पीड़न एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा ऐसे मामलों के प्रभावी निस्तारण के लिए पुलिस बल की क्षमता को सुदृढ़ करना है। जनपद की साइबर सेल के प्रभारी एवं टीम के सदस्यों ने पुलिस कर्मियों को साइबर अपराधों की जांच और निस्तारण के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी। साथ ही नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी गोपनीय रखने तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी या ऑनलाइन उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में साइबर अपराधों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पुलिस कर्मियों को तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर भी विस्तार से प्रशिक्षण प्रदान किया गया।