गाजीपुर। श्रावण मास पर्व एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनजर अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना सैदपुर क्षेत्र स्थित बूढ़ेनाथ महादेव मंदिर परिसर एवं गंगा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों से वार्ता कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने मंदिर परिसर एवं गंगा घाट पर तैनात पुलिस कर्मियों को पर्व एवं मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इसके बाद उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग तथा स्नान पर्व के दौरान लागू रूट डायवर्जन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक सैदपुर सहित पुलिस बल मौजूद रहा।