जमानियां। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत स्थानीय पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस टीम ने पॉक्सो एक्ट एवं उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में शामिल एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय अपनी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने दरौली चट्टी के पास घेराबंदी कर अली हुसैन (26 वर्ष), निवासी ग्राम मुहम्मदपुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मामले में संलिप्त एक बाल अपचारी को भी विधिक प्रक्रिया के तहत अभिरक्षा में लिया गया।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 के तहत मुकदमा दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभियुक्त एवं बाल अपचारी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए अग्रिम कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।