गाजीपुर। जनपद के थाना गहमर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरजनपदीय शातिर लुटेरों को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया। आरोपितों के कब्जे से लूट की नकदी, सोने के जेवर, मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल तथा दो अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्त कई जनपदों में लूट, रंगदारी और चोरी की वारदातों में वांछित थे। पुलिस के मुताबिक 29 जुलाई 2026 को रेवतीपुर थाना क्षेत्र के नवली निवासी मेराज कुरैशी ने तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात व्यक्ति बकरा बेचने के बहाने उन्हें और उनके भाई आजाद कुरैशी को ग्राम बसुका व करहियां के बीच स्थित मंदिर के पास ले गए। वहां आरोपितों ने तमंचे की बट से हमला कर 60 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली। घटना में मेराज का दाहिना हाथ भी टूट गया। इस मामले में थाना गहमर पर मुकदमा दर्ज किया गया। इसी क्रम में गदाईपुर निवासी नवीन पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके मोबाइल पर फोन कर स्वयं को “शंकर पांडेय कटरा गैंग” का सदस्य बताने वाले व्यक्ति ने 20 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में भी थाना गहमर पर मुकदमा दर्ज किया गया।
इन घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 1 अगस्त को प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी एवं चौकी प्रभारी कामाख्या धाम उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव पुलिस टीम के साथ रेवतीपुर बॉर्डर पर संदिग्धों की तलाश कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, जिस पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी निवासी नोनरा थाना मरदह तथा समीम शाह निवासी मलेठी थाना दुल्लहपुर के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सुधीर पासी थाना मरदह का हिस्ट्रीशीटर (एचएस नंबर-92ए) है और उसके खिलाफ मऊ, गाजीपुर, सुल्तानपुर तथा आजमगढ़ सहित विभिन्न जनपदों में लूट, चोरी, रंगदारी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के 35 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं समीम शाह के विरुद्ध भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक तमंचा .303 बोर, एक तमंचा .315 बोर, कई खोखा एवं जिंदा कारतूस, लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल, पांच मोबाइल फोन, एक सोने का लॉकेट तथा लूट के 90,620 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि बरामद सामान गाजीपुर के गहमर, जंगीपुर, कोतवाली, मरदह और सादात थानों के अलावा सुल्तानपुर तथा आजमगढ़ में दर्ज घटनाओं से संबंधित है। साथ ही बरामद दो मोबाइल फोन लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र से चोरी किए गए थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध मुठभेड़, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।