जमानियां। स्थानीय स्टेशन बाजार में अघोषित बिजली कटौती और जर्जर विद्युत तारों से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोकल फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है।
गुरुवार को सभासद प्रमोद यादव ने एसडीओ विद्युत लोकेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर राधाकृष्ण मंदिर से गांधी चौक तक जर्जर तारों को बदलकर कवर्ड केबल लगाने, बस स्टैंड के पास खुले ट्रांसफॉर्मर पर सुरक्षा जाली लगाने तथा स्टेशन बाजार के लिए बने स्वतंत्र फीडर को शीघ्र चालू कराने की मांग की। सभासद ने कहा कि जर्जर तारों के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं और अलग फीडर चालू न होने से बाजार क्षेत्र के लोगों को निर्बाध बिजली नहीं मिल पा रही है। इस संबंध में एसडीओ विद्युत लोकेश कुमार ने शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर विद्युत समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।