जमानियां। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने राह चलती महिलाओं से छींटाकशी और अश्लील इशारे करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, पहली कार्रवाई बुधवार दोपहर करीब 12:40 बजे की गई। उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय की टीम ने बिंद मोड़ तिराहे से राह चलती महिलाओं एवं लड़कियों पर छींटाकशी कर रहे धर्मेन्द्र कुमार (19 वर्ष) निवासी कवई पहाड़पुर, थाना धानापुर, जनपद चंदौली को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद दूसरी कार्रवाई में बुधवार दोपहर लगभग 2:20 बजे उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय एवं मुख्य आरक्षी विमलेश पटेल की टीम ने मुखबिर की सूचना पर करंडा जाने वाले गंगा पुल मोड़ से पिंटू कुमार (19 वर्ष) निवासी इनायतपुर की डुहिया, थाना धीना, जनपद चंदौली को गिरफ्तार किया। आरोपी पर भी राह चलती महिलाओं के साथ अश्लील इशारे और अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध महिलाओं से छींटाकशी एवं अश्लील इशारे करने के मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।