जमानियां (गाजीपुर)। नगर पालिका परिषद जमानियां के अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता के खिलाफ एमएलसी विशाल सिंह चंचल के कथित फर्जी लेटर पैड और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 408.68 लाख रुपये का सरकारी अनुदान हासिल करने की कथित साजिश के मामले में दर्ज प्राथमिकी के विरोध में उनका क्रमिक धरना-प्रदर्शन रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। रामलीला मैदान में आयोजित धरने में नगर पालिका अध्यक्ष के साथ उनके कुछ समर्थक भी मौजूद रहे। इस दौरान अध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को दोहराते हुए मुकदमे को झूठा बताया और कहा कि जब तक उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे का निष्कर्ष सामने नहीं आता, तब तक उनका क्रमिक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि वह पूरे मामले को लेकर अपना पक्ष लगातार सामने रखते रहेंगे और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखेंगे। धरना स्थल पर भाजपा नेता बाल कृष्ण त्रिवेदी सहित क्षेत्र के आधा दर्जन से अधिक लोग मौजूद रहे।