जमानियां (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से 15 वर्षीय किशोरी को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कार्रवाई किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर की गई है।
पुलिस को दी गई शिकायत में किशोरी के पिता ने बताया कि सोमवार को दोपहर करीब 2:30 बजे उनकी 15 वर्षीय पुत्री अचानक घर से लापता हो गई। परिजनों को जानकारी होने पर उसकी तलाश शुरू की गई। तहरीर के अनुसार, परिजनों को आरोप है कि अर्जुन बिन्द, निवासी डाडेवन, थाना नोनहरा तथा अनिशा, निवासी चकिया, थाना सुहवल, कथित रूप से फोन के माध्यम से किशोरी के संपर्क में थे। आरोप है कि दोनों ने मिलकर किशोरी को शादी का झांसा दिया और बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। मामले में प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि किशोरी के पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और किशोरी की तलाश के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।