जमानियां। विद्युत वितरण खंड चतुर्थ में नवागत अधिशासी अभियंता प्रहलाद कुमार के पदभार ग्रहण करने पर सोमवार को विद्युत मजदूर पंचायत संगठन की ओर से उनका जोरदार स्वागत किया गया। संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नवागत अधिशासी अभियंता का स्वागत करते हुए क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने की अपेक्षा जताई।
पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों एवं प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए अधिशासी अभियंता प्रहलाद कुमार ने कहा कि क्षेत्र में विद्युत से संबंधित उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि आम जनता को विद्युत संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। ट्रांसफॉर्मरों की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन स्थानों पर ट्रांसफॉर्मरों के चारों ओर सुरक्षा जाली या फेंसिंग नहीं लगी है, उनका बिजनेस प्लान के तहत निरीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद आवश्यकतानुसार जल्द से जल्द सुरक्षा जाली लगवाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके। स्वागत समारोह में जिला संरक्षक शिव दर्शन सिंह ‘मामा जी’, मंडल अध्यक्ष अरविंद श्रीवास्तव, जिला अध्यक्ष सुनील कुशवाहा, जिला मंत्री अश्वनी सिंह, कैशियर संजय भैया, वेदांत त्रिपाठी, तेजस राज, शहस्त्रजीत यादव, राजेश गुप्ता, प्रमोद कुशवाहा, जितेंद्र विश्वकर्मा, उपेंद्र ओझा, रविंद्र यादव, नीलमणी यादव, दीपक कुमार, अखिलेश यादव, विनोद यादव एवं शिवराम सिंह सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।