गाजीपुर। थाना जंगीपुर की साइबर हेल्प डेस्क ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी के शिकार व्यक्ति के 1,22,100 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने गाजीपुर पुलिस एवं साइबर हेल्प डेस्क का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, जंगीपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-2 निहाल नगर निवासी लालजी राम पुत्र स्व. सीता राम के साथ 1,22,100 रुपये की साइबर धोखाधड़ी हुई थी। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर हेल्प डेस्क पर दर्ज कराई थी। जनपद में साइबर अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर हेल्प डेस्क जंगीपुर ने शिकायत पर तत्काल कार्रवाई शुरू की। NCRP पोर्टल पर दर्ज शिकायत संख्या 23106260115028 के माध्यम से संबंधित धनराशि को सफलतापूर्वक होल्ड कराते हुए पीड़ित के खाते में वापस कराया गया। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष जंगीपुर शिवमणि त्रिपाठी, उपनिरीक्षक जमालुद्दीन एवं कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्या की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए 1930 साइबर हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी की रकम को समय रहते रोकने और वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।