गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद पुलिस ने मारपीट एवं आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप, लोहे का कड़ा, अवैध देशी तमंचा व जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, 1040 रुपये नकद तथा दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव एवं उपनिरीक्षक सलाहुद्दीन पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर ग्राम पलिवार से हरिजन बस्ती तथा ग्राम गदाईपुर जाने वाले तिराहे पर पहुंचे। यहां थाना बहरियाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 130/2026 की धाराओं 191(2), 115(2), 352, 351(3), 109(1) बीएनएस तथा धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विवेक सिंह उर्फ बग्गड़ निवासी मोकलपुर, थाना तरवां, आजमगढ़, सुगम उर्फ हर्ष वर्मा निवासी मोकलपुर टोला उसरताला, थाना तरवां, अमन सिंह निवासी तरवां बड़कापुरा, आजमगढ़ तथा जग्गू यादव निवासी शिवरामपुर (रामवन), थाना भुड़कुड़ा, गाजीपुर शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक विवेक सिंह और जग्गू यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त लोहे का पाइप व कड़ा, तीन मोबाइल फोन, 1040 रुपये तथा पल्सर और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद हुई हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेश चंद्र यादव, उपनिरीक्षक सलाहुद्दीन एवं थाना बहरियाबाद के पुलिसकर्मी शामिल रहे।