गाजीपुर। राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन संचालित विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान दिया।
अभियान के तहत विद्यालयों में चित्रकला, रंगोली एवं राखी प्रतियोगिताओं के साथ तिरंगा यात्रा और रैली का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से तिरंगे की महत्ता, देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेशों को चित्रों में उकेरा। वहीं रंगोली प्रतियोगिता में तिरंगे के रंगों और राष्ट्रीय भावना को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। राखी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय ध्वज की भावना से प्रेरित आकर्षक राखियां तैयार कीं। प्रतियोगिताओं में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, सम्मान और राष्ट्रीय एकता के बारे में जानकारी दी।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों एवं विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं और रैलियां भी निकाली गईं। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इससे विद्यालयों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी राष्ट्रीय पर्व को लेकर उत्साह एवं जागरूकता का माहौल बना।इसके अलावा जनपद के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए सेल्फी प्वाइंट पर बच्चों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी ली और उन्हें ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर अपलोड कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इससे विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और अभियान के प्रति जुड़ाव बढ़ा। विद्यालयों में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, भाईचारे और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनपद में व्यापक जनसहभागिता मिल रही है।