गाजीपुर। थाना शादियाबाद पुलिस ने रोहित यादव हत्याकांड का खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, मृतक का मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार मृतक के मोबाइल में हत्या से संबंधित वीडियो भी मिला है।
पुलिस के मुताबिक, 30 जुलाई 2026 की सुबह करिमुल्लापुर नहर (वसदेईया) के पास एक अज्ञात शव मिला था। बाद में शव की पहचान रोहित यादव पुत्र राजेंद्र यादव, निवासी भवनपुर, थाना रानीपुर, जनपद मऊ, के रूप में हुई। वह अपने मामा के घर मरदापुर में रहकर वाराणसी में पढ़ाई करता था। मृतक के पिता राजेंद्र यादव की तहरीर पर थाना शादियाबाद में मु0अ0सं0 246/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, मृतक की अंतिम गतिविधियों तथा मौखिक, दस्तावेजी एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का परीक्षण किया। पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि मृतक रोहित यादव की पहचान श्यामसुंदर यादव उर्फ गोलू और उसके साथियों से थी। पुलिस का दावा है कि पुरानी रंजिश के चलते रोहित की हत्या की योजना बनाई गई।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई की सुबह रोहित को मोटरसाइकिल से वाराणसी से शादियाबाद क्षेत्र में लाया गया। इसके बाद उसे करिमुल्लापुर नहर के किनारे सुनसान स्थान पर ले जाकर गोली मार दी गई। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान हत्या का वीडियो भी बनाया गया तथा मृतक के परिचितों को फोन कर गुमराह करने का प्रयास किया गया। 15 अगस्त को शादियाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन बाल अपचारियों को थाना क्षेत्र के बहरामपुर चौबहा स्थित नहर पुलिया के पास से करीब 2:25 बजे हिरासत में लिया। उनके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ। घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी पुलिस ने बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) एवं 315 बीएनएस तथा धारा 9/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। वहीं घटना के कथित मास्टरमाइंड श्यामसुंदर यादव उर्फ गोलू पुत्र हिमांचल यादव, निवासी जबरापार, थाना शादियाबाद, की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश की जा रही है।
बरामदगी:
- एक अवैध देशी तमंचा .315 बोर
- एक जिंदा कारतूस .315 बोर
- मृतक का मोबाइल फोन
- घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल
पुलिस टीम: थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह मय हमराह, चौकी प्रभारी हंसराजपुर उपनिरीक्षक सचिन सिंह तथा उपनिरीक्षक जनार्दन प्रसाद, थाना शादियाबाद।