गाजीपुर| 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जनपद गाजीपुर में ‘तिरंगा कॉन्सर्ट एवं तिरंगा महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की अमर भावना और देशप्रेम को समर्पित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
ऑडिटोरियम हॉल, गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यसभा सांसद संगीता बलवंत बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह एवं विधायक बेदी राम की मौजूदगी ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां एवं विशेष प्रदर्शनियों का आयोजन किया गया। देशभक्ति गीतों से सजे तिरंगा कॉन्सर्ट ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति समर्पण की भावना को और प्रबल किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी गाजीपुर, पुलिस अधीक्षक गाजीपुर, मुख्य विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।