गाजीपुर। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने पुलिस अधीक्षक आवास एवं पुलिस लाइन परिसर में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए मिष्ठान वितरित किया गया।
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को गरीब, असहाय एवं पीड़ित लोगों की मदद करने तथा आमजन के भीतर सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पीआरवी-112 आपात सेवा के अंतर्गत प्राप्त घटनाओं पर त्वरित एवं सूझबूझपूर्ण कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों को ‘पीआरवी ऑफ द डे’ सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही उत्कृष्ट रिस्पांस टाइम बनाए रखने के लिए पुलिस महानिदेशक, यूपी-112 उत्तर प्रदेश की ओर से प्राप्त प्रशस्ति पत्र भी संबंधित पुलिसकर्मियों को वितरित किए गए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर की साफ-सफाई एवं बेहतर रखरखाव में योगदान देने वाले कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि पुलिस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यस्थल बनाए रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।