जमानियां (गाजीपुर)। क्षेत्र के जीवपुर (मतसा) स्थित ब्लॉसम एकेडमिक स्कूल में सीबीएसई के तत्वावधान में ‘कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम ऑन स्किल एजुकेशन’ के तहत एक दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में शिक्षकों को कौशल आधारित आधुनिक शिक्षण तकनीकों से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीबीएसई के स्किल एजुकेशन विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी राजीव पांडेय रहे। रिसोर्स पर्सन के रूप में डालिम्स (DALIMSS) चौबेपुर, वाराणसी के प्रधानाचार्य तरुण तिरुपानी तथा लिटिल फ्लावर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, वाराणसी की डिप्टी डायरेक्टर सी.ए. अदिति गुलाटी ने शिक्षकों को कौशल शिक्षा से संबंधित विभिन्न पहलुओं एवं आधुनिक शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि राजीव पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए व्यावहारिक एवं कौशल आधारित शिक्षा बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बच्चों में केवल किताबी ज्ञान विकसित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें व्यावहारिक जीवन की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल से भी जोड़ना जरूरी है। उन्होंने विद्यालयों में संबंधित पाठ्यपुस्तकों एवं गतिविधियों के माध्यम से कौशल शिक्षा को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने कौशल शिक्षा को कक्षा शिक्षण से जोड़ने, विद्यार्थियों की व्यावहारिक दक्षता विकसित करने तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने से संबंधित जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कृष्णानंद राय, प्रधानाचार्य ज्योति राय एवं उप प्रधानाचार्य ईश्वर नेपाल ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यशाला में ब्लॉसम एकेडमिक स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण भी उपस्थित रहे।