गाजीपुर। वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को पुलिस परिवार के प्रतिभाशाली बच्चों के लिए ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वामा सारथी की अध्यक्षा की अध्यक्षता एवं प्रतिसार निरीक्षक की उपस्थिति में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में पुलिस परिवार के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान बैडमिंटन, गोला फेंक, लंबी कूद एवं योग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन का उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना रहा।