जमानिया। जनपद में 18 और 19 अगस्त को भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में संभावित बदलाव और आकाशीय बिजली के खतरे को लेकर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
आपदा विशेषज्ञ अशोक राय ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली से संबंधित पूर्व चेतावनी प्राप्त करने के लिए दामिनी एप तथा अन्य आपदा संबंधी अलर्ट के लिए सचेत एप का उपयोग करें। उन्होंने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की। साथ ही किसी भी आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए 112, 1077 और 1070 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। आपदा विभाग ने जनहित में मौसम संबंधी इस सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की है, ताकि संभावित प्राकृतिक आपदा के दौरान जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके।