जमानिया। बार एसोसिएशन जमानिया की आवश्यक बैठक मंगलवार को बार भवन परिसर में अध्यक्ष एडवोकेट जय प्रकाश की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश और अधिवक्ताओं की मांगों के निस्तारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बार अध्यक्ष जय प्रकाश ने बताया कि जिलाधिकारी के 5 अगस्त 2026 के पत्रांक के क्रम में 17 अगस्त को प्रशासन के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन अभी तक अधिवक्ताओं की मांगों को स्वीकार नहीं किया गया है। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर बैठक में सदस्यों ने गहरा रोष जताया। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर निर्णय लिया गया कि जब तक जिलाधिकारी गाजीपुर द्वारा 5 अगस्त 2026 को जारी आदेश वापस नहीं लिया जाता, तब तक रजिस्ट्री कार्यालय में पूर्ण रूप से कलमबंद हड़ताल जारी रहेगी। बार संघ ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए सभी अधिवक्ताओं, दस्तावेज लेखकों, वसीका नवीसों और स्टांप वेंडरों से सहयोग की अपील की है। बैठक के बाद पारित प्रस्ताव की प्रति उपनिबंधक कार्यालय जमानिया को भी भेज दी गई।