जमानिया। स्थानीय ब्लॉक संसाधन केंद्र परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित पांच दिवसीय गैर-आवासीय एफएलएन प्रशिक्षण के प्रथम बैच के दूसरे दिन का प्रशिक्षण बुधवार को संपन्न हुआ। कार्यशाला में शिक्षकों को बच्चों की बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं को मजबूत करने के लिए आधुनिक शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान खुले छोर और बंद छोर के प्रश्नों के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने बताया कि खुले छोर के प्रश्न बच्चों को किसी एक निर्धारित उत्तर तक सीमित नहीं करते, बल्कि उनकी सोचने, तर्क करने और स्वतंत्र रूप से अपनी बात रखने की क्षमता को विकसित करते हैं। शिक्षकों को कक्षा में ऐसे विचारोत्तेजक प्रश्न तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षक एवं एआरपी अरविंद सिंह और अखिलेश गिरी ने स्मार्ट टीवी के माध्यम से संदर्शिका के प्रभावी प्रयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संदर्शिका में विभिन्न घटकों के अनुसार विशिष्ट रंग कोडिंग की गई है, जिससे शिक्षकों को शिक्षण प्रक्रिया को बेहतर ढंग से संचालित करने में सुविधा मिलती है। प्रशिक्षकों ने कहा कि एफएलएन प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों के बुनियादी ज्ञान को मजबूत करना और उनकी सीखने की गति में निरंतर सुधार लाना है। इसके लिए शिक्षकों को गतिविधि आधारित एवं प्रभावी शिक्षण तकनीकों का प्रयोग करने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर अमित राय, अंगद राम, प्रवीण राय, अरविंद सिंह, प्रेम सिंह यादव, इम्तियाज हुसैन, राजेश सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं प्रशिक्षक मौजूद रहे।