गहमर (गाजीपुर)। पुलिस कप्तान द्वारा जनपद में अवैध शराब तस्करी एवं होली के त्यौहार को सकुशल संपन्न कराए जाने के संदर्भ में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत गहमर पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब, तमंचा एवं कारतूस के साथ एक चार पहिया वाहन सहित एक अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
जानकारी अनुसार देवल चौकी इंचार्ज संदीप दुबे गुरुवार की शाम क्षेत्र में भ्रमणशील थे कि जरिए मुखबिर सूचना मिली की एक व्यक्ति अवैध शराब के साथ चार पहिया वाहन से बिहार की तरफ जा रहा है। पुलिस ने बिना समय गवाएं देवल भदौरा तिराहे के समीप वाहनों की जांच पड़ताल शुरू कर दी तब तक एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने जब उसको रुकवा कर उसकी तलाशी ली उसमें 26 पेटी नाजायज शराब, एक अदद नाजायज देसी तमंचा 315 बोर, एक अदद जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने अपना नाम साहिल पुत्र मोस्तकीम निवासी नरवारा तरियाना जिला मुजफ्फरपुर बिहार बताया। आरोपी मूल रूप से खेड़ीपुर जिला फरीदाबाद हरियाणा का रहने वाला है। पूछताछ में उसने बताया कि वह हरियाणा में ही थोड़ा-थोड़ा करके शराब इकट्ठा करता है और जब ज्यादा मात्रा में शराब एकत्र हो जाती है तो वह वाहन में भर कर अवैध रूप से बिहार ले जाकर बेच देता है क्योंकि बिहार में शराब बंद है तो इसके अच्छे पैसे उसे मिल जाते हैं। इस संबंध में कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि धारा 419, 420, 465, 468, 471 आईपीसी 60/72 आबकारी अधिनियम और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कारवाई की जा रही है। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय, उप निरीक्षक संदीप दुबे, कांस्टेबल जय सिंह पटेल, पंकज कुशवाहा, प्रमोद कुमार, अमरजीत पाल शामिल रहे।