जमानियाँ (गाजीपुर)। हौसला बुलंद चोरों का चोरी करने का क्रम रुकने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक चोरी की घटना से नागरिकों में भय व्याप्त हो गया। चोर आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जा रहे है जबकि कोतवाली पुलिस तहरीर लेकर आश्वासन का घूट पिला रही है।
स्थानीय कोतवाली के पीछे दरौली सम्पर्क मार्ग पर स्थित नटिनीया माता मंदिर के पास सोमवार की रात चोरों ने रिंकू सिंह के घर का ताला तोड़कर नगदी समेत हजारों का सामान चुरा कर फरार हो गये।
जानकारी के अनुसार जनपद चन्दौली स्थित थाना कंदवा के ग्राम ओयरचक निवासिनी रिंकू सिंह पत्नी अरुण कुमार सिंह स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हेतिमपुर स्थित नटिनिया माता मंदिर के समीप किराये के मकान में रहती है। 05 जून की शाम वह अपने मायके ग्राम तॉरनबांध चली गई। 06 जून की सुबह पडोसियों द्वारा घर में चोरी होने की सूचना मिली। जिससे वह आनन-फानन में हेतिमपुर स्थित आवास पर पहुंची तो देखा कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ है तथा बक्सा में रखा गया सोने के कान का टप्स, अंगूठी, नगदी सहित घरेलू सामान गायब है। पीड़िता ने कोतवाली में चोरी की लिखित तहरीर देकर कार्यवाई करने की गुहार लगाई। ज्ञात हो कि कोतवाली क्षेत्र के ग्राम करजही में 27 मार्च को हिन्दू इण्टर कालेज के शिक्षक व एनसीसी ऑफिसर रामजी प्रसाद ने अपने घर का चोरों द्वारा ताला तोड़कर नगदी सहित आभूषण चोरी होने का लिखित तहरीर दिया। जबकि 23 मई की रात्रि चोरों ने ग्राम शाहपुर लटिया निवासी अमृता खरवार के घर को निशाना बनाया वही 25 मई की रात्रि स्टेशन पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर पश्चिम स्थित राजेन्द्र जायसवाल के घर चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया व 31 मई की रात्रि कोतवाली के पास दरौली मार्ग पर स्थित संजय प्रजापति के गुमटी को तोड़कर हजारों का माल साफ कर दिया तथा स्टेशन बाजार के समीप ग्राम करजही में 2 जून की रात्रि चोरों ने रविकांत सिंह के घर को निशाना बनाते हुए 7 लाख नगदी सहित लाखों के आभूषण को लेकर चम्पत हो गये। पीड़ित तहरीर देते है और पुलिस जाँच कर कार्यवाई करने का आश्वासन देती है। आज तक पुलिस ने एक भी चोरी का खुलासा नहीं किया। जिससे चोरों के हौसले दिन पर दिन बुलन्द होते जा रहे है तथा चोरी की घटनाओं में वृद्धि होती जा रही है। पुलिस की सुस्ती से नागरिकों में काफी भय व्याप्त हो गया है।