जमानिया। टेंट और डेकोरेशन व्यवसाय से जुड़े पंकज मौर्या निवासी मुहल्ला झींगुर पट्टी, गाजीपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि सिद्धार्थ कुशवाहा निवासी ग्राम बेटावर ने वर्षों तक उनके साथ मिलकर टेंट, डेकोरेशन और डीजे का व्यवसाय किया, लेकिन काम का पूरा भुगतान नहीं किया।
पीड़ित के अनुसार, वर्ष 2021 से 2023 के बीच सिद्धार्थ कुशवाहा ने बड़े आयोजनों में सजावट और टेंट का काम उन्हें सौंपा, लेकिन ग्राहकों से भुगतान लेने के बावजूद उनका करीब तीन लाख रुपये नहीं चुकाया। जब उन्होंने कई बार रुपये मांगे तो सिद्धार्थ कुशवाहा टालमटोल करता रहा। इस मामले को लेकर 26 जनवरी 2024 को थाना में शिकायत भी की गई थी, जिसके बाद सिद्धार्थ कुशवाहा ने डेढ़ लाख रुपये तीन किस्तों में लौटाने की बात मान ली थी। लेकिन अब तक कोई भुगतान नहीं किया गया। उल्टा, जब पीड़ितों ने दोबारा पैसा मांगा तो आरोपी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पुलिस से इस मामले में कड़ी कार्रवाई कर बकाया रकम वापस दिलाने की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।