गाजीपुर। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता अभियान अंतर्गत जिलाधिकारी आर्यका अखौरी के निर्देश के क्रम में मरदह ब्लॉक के ग्राम सभा हरहरी में शंभू नारायण महाविद्यालय एंड पंडित मार्कण्डेय चतुर्वेदी महाविद्यालय में कन्या सुमंगला योजना, चाइल्ड हेल्प लाइन 1098, 181, 1090, 1076, साखी वन स्टॉप सेंटर स्पॉन्सर शिप, बाल विवाह,निराश्रित पेंशन, दंपति पुरुस्कार, विभागीय योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। जिसमें महिला कल्याण विभाग, गाजीपुर के चाइल्ड हेल्पलाइन कार्मिक अंशु राय और अर्चना सिंह तथा महाविद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
क्या है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना?
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना भारत सरकार द्वारा 22 जनवरी 2015 को शुरू की गई एक प्रमुख सामाजिक योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के प्रति समाज में व्याप्त नकारात्मक मानसिकता को बदलना, उन्हें शिक्षा के अवसर प्रदान करना और उनके सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। यह योजना महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और मानव संसाधन विकास मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से संचालित की जाती है।शुरुआत में इसे 100 जिलों में लागू किया गया था, लेकिन बाद में इसे पूरे देश में विस्तारित कर दिया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने, शिक्षा को बढ़ावा देने और उनके सशक्तिकरण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके प्रभाव से देश में बेटियों के जन्म और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ी है, जिससे भारत की सामाजिक संरचना में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।