जमानिया। थाना क्षेत्र के रामपुर फुफुआंव गांव में मजदूरी मांगने पर बुधवार की सुबह करीब 8 बजे टेंट हाउस वेटर के साथ मारपीट कर घायल कर दिया गया। पीड़ित ने तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और जांच में जुट गई है।
तहरीर के अनुसार, पीड़ित टेन्ट हाउस में वेटर का काम करता है। उसने अपनी 5 दिन की मजदूरी ₹2000 मांगी, जिस पर गांव के कुछ लोगो ने उसे गालियां दीं और मारपीट करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने पंच बकल से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसका सिर फट गया। वहीं, आरोपी के साथ आए दूसरे व्यक्ति ने उसे लात-घूंसों से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की आवाज सुनकर गांव के आस पास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे धमकी भी दी कि अगर दोबारा मजदूरी मांगने आया तो उसका अता-पता नहीं चलेगा। पीड़ित ने मामले की शिकायत थाना में दर्ज कराई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित विशाल की तहरीर के आधार पर विजय कुमार और रामबचन के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।