गाजीपुर। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), गाजीपुर में बुधवार को मसाला निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद के मुख्य आतिथ्य में हुआ। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी राजन राय, डीसी एनआरएलएम विजय यादव, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख विनय शंकर, एलडीएम राजदेव कुमार तथा आरसेटी प्रभारी संजय कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अतिथियों ने अपने संबोधन में स्वरोजगार को आजीविका संवर्धन, आत्मनिर्भरता और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रभावी माध्यम बताते हुए प्रतिभागियों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने आरसेटी में संचालित अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जैसे एसी एवं रेफ्रिजरेटर मरम्मत तथा महिला परिधान निर्माण प्रशिक्षण का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनकी प्रगति एवं अनुभवों की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसरों से जोड़ने तथा कौशल विकास के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षणार्थियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।