गाजीपुर। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा निर्देशित राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 08 मार्च 2025 को जनपद न्यायालय, गाजीपुर के साथ-साथ वाह्य न्यायालय सैदपुर, मुहम्मदाबाद, ग्राम न्यायालय जखनियां और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों में किया जाएगा।
इस संदर्भ में आज एक आवश्यक बैठक जनपद न्यायालय गाजीपुर के दसकक्षीय सभागार में अपराह्न 01ः00 बजे आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में श्री विजय कुमार- IV, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/सचिव पूर्णकालिक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गाजीपुर ने बताया कि इस लोक अदालत में उत्तराधिकार प्रमाण पत्र, छोटे व लघु दाण्डिक वाद, पारिवारिक वाद, धारा-138 एन.आई. एक्ट, स्टाम्प वाद, मोटर अधिनियम वाद, श्रम वाद, उपभोक्ता फोरम वाद सहित कई अन्य प्रकरणों का निस्तारण सुलह-समझौते और मध्यस्थता के माध्यम से किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, लोकल रेडियो चैनल, मीडिया चैनल और समाचार पत्रों के माध्यम से विशेष रूप से प्रचारित करने की योजना बनाई गई।