गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
महाकुंभ से लौट रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार सभी यात्री बिहार के छपरा जिले के निवासी थे और प्रयागराज में महाकुंभ से लौट रहे थे। इसी दौरान गाजीपुर में उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
प्रशासन ने संभाली स्थिति, जांच जारी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। बाकी घायलों का इलाज जारी है।
हाईवे पर सुरक्षा को लेकर उठी मांग
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।