गाजीपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में 20 जनवरी 2025 को दिसम्बर 2024 तिमाही की जिला समन्वय समिति (डीसीसी), जिला स्तरीय ऋण समीक्षा समिति (डीएलआरसी) तथा विशेष जिला सलाहकार उपसमिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में दिसम्बर 2024 तक की प्रगति की समीक्षा की गई, जिसमें ऋण-जमानुपात, वित्तीय समावेशन एवं जिले में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने जनपद में ऋण-जमानुपात को अपेक्षित स्तर तक बढ़ाने के लिए बैंकों को ऋण प्रवाह को बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी बैंकर्स को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं से संबंधित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा सभी जनधन खाताधारकों को रूपे कार्ड से आच्छादित किया जाए। बैठक में जिले में गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) की अद्यतन स्थिति पर भी चर्चा हुई। अग्रणी जिला प्रबंधक ने सदन को आश्वस्त किया कि सभी बैंकर्स मिलकर विभिन्न योजनाओं हेतु निर्धारित लक्ष्यों को अवश्य पूर्ण करेंगे।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य, अग्रणी जिला प्रबंधक पीयूष सिंह परमार, भारतीय रिजर्व बैंक के अग्रणी जिला अधिकारी श्रवण कुमार राम, डीडीएम नाबार्ड सुशील कुमार सहित सभी बैंक समन्वयक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।