गाजीपुर। शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए दशमोत्तर छात्रवृत्ति (कक्षा 11-12) हेतु भरे गए आवेदन पत्रों की स्कूटनी मुख्यालय लखनऊ द्वारा पूरी कर ली गई है। इस प्रक्रिया में 8308 आवेदन संदिग्ध (सस्पेक्ट) पाए गए हैं, जिनका डाटा सीधे संबंधित छात्र-छात्राओं और विद्यालयों के लॉगिन पर परीक्षण एवं आवश्यक कार्यवाही के लिए उपलब्ध कराया गया है। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने निर्देश दिया है कि संदिग्ध डाटा से जुड़े आवश्यक अभिलेख विद्यालयों द्वारा प्रमाणित करके 21 फरवरी 2025 तक कार्यालय पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, गाजीपुर में जमा किए जाएं। इन दस्तावेजों की समीक्षा के बाद छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति नियमानुसार इन डाटा को वेरीफाई या रिजेक्ट कर डिजिटली लॉक करेगी।
अधिकारी ने जिले के सभी कक्षा 11-12 के विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं कि 8308 संदिग्ध छात्रवृत्ति आवेदनों से संबंधित आवश्यक अभिलेख समय सीमा के भीतर जमा करें। यदि कोई विद्यालय निर्धारित तिथि तक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता है, तो उन छात्रों के आवेदन अयोग्य (रिजेक्ट) माने जाएंगे, जिसका पूर्ण उत्तरदायित्व संबंधित संस्था का होगा।