गाजीपुर। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड गाजीपुर की 20वीं सामान्य निकाय बैठक 22 फरवरी 2025 को बैंक मुख्यालय में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डा. संगीता बलवंत उपस्थित रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि केदार सिंह (पूर्व एमएलसी) एवं अभिनव सिन्हा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरोजेश सिंह (अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक) ने की और मंच संचालन सचिन तिवारी (इफको) ने किया।
बैठक में प्रबंध कमेटी के संचालक एवं बैंक सदस्य समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कैलाश चंद (सचिव/मुख्य कार्यपालक अधिकारी) ने 31 मार्च 2024 की स्थिति पर बैंक के संतुलन पत्र, लाभ-हानि खाता, अधिकतम दायित्व, 31 मार्च 2024 के वास्तविक बजट एवं वित्तीय वर्ष 2025 के प्रस्तावित बजट को बैठक में प्रस्तुत किया। उपस्थित सदस्यों ने प्रस्तुत किए गए एजेंडे को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता मंत्रालय के गठन को किसानों एवं कृषि क्षेत्र की मजबूती के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने जिला सहकारी बैंक की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अध्यक्ष सरोजेश सिंह और उनकी टीम को बधाई दी तथा सभी से सहकारिता से जुड़ने का आह्वान किया।सांसद ने किसानों को तीन प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण लेने और बैंक की डिजिटल सेवाओं से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुनील सिंह, पारसनाथ राय, भाजपा मीडिया प्रभारी शशिकांत शर्मा, वीरेंद्र सिंह (अध्यक्ष, डीसीएफ), अंसलकुमार (सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक) सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।