गाजीपुर। रामपुर मांझा व बलरामपुर पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे बदमाश की गिरफ्तारी न होने पर न्यायालय के आदेश पर धारा 82 के तहत कार्रवाई की। शनिवार को पुलिस ने पूरे गांव में डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई और आरोपी के घर पर नोटिस चस्पा किया।
मामला बुढ़ौली निवासी जयचंद सोनकर पुत्र ध्यानचंद्र सोनकर का है, जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज है। मार्च 2021 में न्यायालय में चार्जशीट दाखिल होने के बाद से ही वह फरार चल रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई संभावित स्थानों पर दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया।इस पर बलरामपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने आरोपी के खिलाफ धारा 82 के तहत कार्रवाई का आदेश दिया। न्यायालय के निर्देश पर रामपुर मांझा थाने की पुलिस शनिवार दोपहर 2 बजे गांव पहुंची और मुनादी कराई। इसके बाद आरोपी के परिजनों की उपस्थिति में उसके घर पर नोटिस चस्पा किया गया।
पुलिस ने चेतावनी दी कि अगर आरोपी जल्द ही हाजिर या गिरफ्तार नहीं होता है, तो उसके घर की कुर्की कराई जाएगी। इस कार्रवाई में रामपुर मांझा थाने के पुलिसकर्मी, बलरामपुर के उपनिरीक्षक अजीत त्रिपाठी व कांस्टेबल अनिल यादव शामिल रहे।