गाजीपुर। स्वामी सहजानंद पीजी कॉलेज के छात्र नेताओं ने मंगलवार को महान समाज सुधारक और कृषक नेता स्वामी सहजानंद सरस्वती की जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर छात्र नेताओं ने उनके विचारों को नमन करते हुए समाज सेवा का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान छात्र नेता प्रकाश कुमार राय ने कहा, “स्वामी जी का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने और समानता के लिए लड़ने की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं और समाज के वंचित व कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए संघर्ष करने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।“
उन्होंने आगे कहा कि स्वामी सहजानंद सरस्वती न केवल एक समाज सुधारक बल्कि एक क्रांतिकारी भी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन किसानों और मजदूरों के अधिकारों के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने न केवल किसानों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया बल्कि उन्हें संगठित होकर संघर्ष करने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर आयुष राय, सतेंद्र सिंह यादव, हिमांशु राय, शशांक राय, शिवम राय, आशीष राय, वैभव राय, प्रियांशु राय, सिद्धू राय, सत्या राय, युवराज राय सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। सभी ने स्वामी सहजानंद सरस्वती के जीवन और कार्यों पर गहन विचार-विमर्श किया और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।