गाजीपुर। जिले में माह के चतुर्थ शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। थाना जंगीपुर में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने की। उन्होंने थाने में उपस्थित फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
थाना दिवस के दौरान कुल छह फरियादियों ने अपनी शिकायतें लिखित रूप में प्रस्तुत कीं, लेकिन निस्तारण शून्य रहा। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी लेखपालों को निर्देशित किया कि वे अपना-अपना फील्ड रजिस्टर बनाएँ। साथ ही, आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त और लंबित आवेदनों को पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर फील्ड रजिस्टर में अंकित करें तथा शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि जिस गांव से शिकायत प्राप्त होती है, वहां संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर लेखपाल एवं पुलिस विभाग की टीम के साथ मिलकर शिकायत का समाधान करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। इस अवसर पर थाना प्रभारी जंगीपुर, लेखपाल तथा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।