जमानियां (गाजीपुर)। ग्राम रामनरायनपुर में शनिवार को श्याम बिहारी पाण्डेय-राममूर्ति सिंह स्मारक वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री व विधायक ओम प्रकाश सिंह के प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उद्घाटन मैच में चंदौली की टीम ने नोनार को हराकर पहला मुकाबला अपने नाम किया।
मुख्य अतिथि मन्नू सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “खेल से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि यह अनुशासन, टीम भावना और संघर्षशीलता भी सिखाता है। खिलाड़ी को हमेशा जीतने के लिए पूरे समर्पण और तन्मयता के साथ खेलना चाहिए, लेकिन हार से निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि हार हमें अगली बार और बेहतर करने की प्रेरणा देती है। खेल को हमेशा खेल भावना से खेलना चाहिए, ताकि स्वस्थ समाज की संरचना हो सके।”
इस अवसर पर सपा विधानसभा अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्येंद्र सिंह सत्या, राधेश्याम सिंह, अरुण कुमार सिंह, विनय सिंह, अखिलेश राजभर, पवन सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।